कोरोना ने एक बार फिर देश में टेंशन बढ़ा दी है। नए मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से केंद्र और राज्य सरकारें भी सतर्क हो गई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों के साथ वर्चुअल बैठक की और तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने को कहा गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को पिछले 24 घंटे में देश में 358 नए मामले सामने आए। कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। कोविड के सब-वेरिएंट JN.1 के कारण कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। अब तक कोरोना के नए प्रकार जेएन.1 के 21 मरीज मिल चुके हैं, जिससे कोरोना की वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 2,669 हो गई है। जेएन1 का पहला मरीज केरल में मिला था। गुरुवार सुबह अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक, केरल में 24 घंटे में तीन मरीजों की मौत हो गई है। देश में मरने वालों की संख्या 5,33,327 हो गई है।

गुरुवार को देश में 358 नए कोरोना मरीज मिले। इससे पहले बुधवार को 614 कोरोना मरीज दर्ज किये गये थे। 21 मई के बाद यह सबसे अधिक संख्या थी। WHO से लेकर केंद्र सरकार तक ने अलर्ट घोषित कर दिया है। अस्पतालों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। भीड़ में मास्क पहनने की अपील की गई है। बड़े कदम उठाए जा रहे हैं, जिनमें कोरोना के नए वेरिएंट जेएन.1 की टेस्टिंग बढ़ाना भी शामिल है।

हाल के मामले मुख्य रूप से केरल, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,70,576 हो गई है। देश का रिकवरी रेट 98.81 फीसदी हो गया है। देश में कुल कोविड मरीजों की संख्या 4.50 करोड़ (4,50,06,336) पहुंच गई है।