शराब नीति घोटाले के मामले में दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की परेशानी कम नहीं हो रही है। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की देर शाम गिरफ्तारी के बाद अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मंत्री ईडी की रडार पर हैं।

ईडी ने पश्चिम बंगाल के खाद्य आपूर्ति मंत्री रथिन घोष के आवास पर छापामार की कार्रवाई की है। वहीं आयकर ने चेन्नई में डीएमके सांसद के यहां रेड डाली है। इसके अलावा तेलंगाना में बीआरएस विधायक और कर्नाटक के शिवमोगा में डीसीसी बैंक के चेयरमैन के यहां छापेमारी हुई है।

यह छापेमारी प्रदेश में नगर निकायों द्वारा की गई भर्तियों में अनियमितता की जांच के तहत की गई है। हालांकि, यह मालूम नहीं चल पाया है कि छापेमारी के दौरान रथिन घोष अपने आवास में मौजूद थे या नहीं। ईडी ने 2014 से लेकर 2018 तक राज्य के विभिन्न नगर निकायों द्वारा लगभग 1500 लोगों को अवैध रूप से भर्ती कराने का आरोप लगाया है। उत्तर 24 परगना जिले में टीटागढ़ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रशांत चौधरी के आवास पर भी ईडी की छापेमारी जारी है।