कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा का सेकंड पार्ट 14 जनवरी से शुरू होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इस बार इसे भारत न्याय यात्रा नाम दिया गया है। यात्रा में राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक की दूरी तय करेंगे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इस भारत न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी को मणिपुर से होगी और 20 मार्च को इसका मुंबई में समापन होगा। इससे पहले राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा में दक्षिण से उत्तर भारत का सफर किया था।

मणिपुर से मुंबई के बीच यह  यात्रा करीब  6,200 किमी  का सफर तय करेगी। इस दौरान यात्रा नागालैंड, मेघालय, बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, यूपी, एमपी, राजस्थान, गुजरात  होते हए महाराष्ट्र के मुंबई तक पहुंचेगी। 

भारत जोड़ो यात्रा के बाद से कांग्रेस में यह कहा जा रहा था कि राहुल गांधी अब पूर्व से पश्चिम भारत की यात्रा कर सकते हैं। अब उनकी यात्रा का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से इस यात्रा को अहम माना जा रहा है क्योकि भारत जोड़ो यात्रा के बाद दक्षिण भारत में कांग्रेस को खासी सफलता हासिल हुई है।