विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A ने न्यूज़ चैनल के एंकर्स के नामों की सूची जारी की है। अब इन एंकर्स के शो में गठबंधन के प्रवक्ता नज़र नहीं आएंगे। गठबंधन की मीडिया समिति द्वारा गुरुवार दोपहर आयोजित एक वर्चुअल मीटिंग में यह फैसला किया गया।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपने हैंडल एक्स पर इस बात की घोषणा की है। उन्होंने लिखा कि बैठक में भारत समन्वय समिति द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, भारतीय दल निम्नलिखित एंकरों के शो और कार्यक्रमों में अपने प्रतिनिधि नहीं भेजेंगे-
1. अदिति त्यागी
2. अमन चोपड़ा
3. अमीश देवगन
4. आनंद नरसिम्हन
5. अर्नब गोस्वामी
6. अशोक श्रीवास्तव
7. चित्रा त्रिपाठी
8. गौरव सावंत
9. नविका कुमार
10. प्राची पाराशर
11. रूबिका लियाकत
12. शिव अरूर
13.सुधीर चौधरी
14. सुशांत सिन्हा
INDIA गठबंधन की मीडिया समिति ने बहिष्कार के लिए जिन नामों पर चर्चा कि उनमें से फिलहाल चार चैनलों के नाम पर सहमति बन गई है, जिनमें पब्लिक भारत, टाइम्स नाओ, सुदर्शन, दूरदर्शन के नाम शामिल हैं। हालंकि इसकी घोषणा नहीं हुई है।
INDIA गठबंधन के इस तरह से चैनलों और एंकरों के नामों की लिस्ट जारी करने का मामला चर्चा में आ गया है। अब इसे लेकर एक अलग ही तरह की बहस छिड़ गई है। गौरतलब है, कि इंडिया गठबंधन के सदस्य इन एंकरों के शो का हिस्सा नहीं बनेंगे। इस तरह का निर्णय लेने की वजह से विपक्ष एक बार फिर से सत्ताधारी दल के निशाने पर आ गया है। इतना ही नहीं विपक्ष को डरा हुआ बताकर सत्ता पक्ष कटाक्ष करने और इस फैसलें को कटघरे में खड़ा करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहा है। वही गठबंधन का कहना है कि ये एंकर्स अपने शो में एक प्रायोजित एजेंडे के तहत सवाल जवाब करते हैं और विपक्ष को टारगेट करते हैं।