प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मप्र में भाजपा का चुनावी अभियान का आगाज़ कर दिया। देश भर के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधन के दौरान मोदी ने कांग्रेस समेत विरोधी दलों पर निशाना भी साधा और कहा कि कुछ लोग तुष्टीकरण के रास्ते पर चलते हैं, इसका कुछ तो फायदा होता है लेकिन लंबे समय में देश विनाश के रास्ते पर चला जाता है। ऐसे लोग छोटे छोटे कुनबे खड़े कर रहे हैं। यूनिफार्म सिविल कोड के नाम पर मुस्लिमों को भड़का रहे है लेकिन भाजपा ने तुष्टीकरण के बजाए संतुष्टीकरण का रास्ता चुना है। ऐसे लोग गरीब को गरीब और वंचित को वंचित रखते हैं। उन्होंने भाजपा को वोट बैंक की राजनीति से दूर रहने को कहा। मोदी ने कांग्रेस व अन्य दलों के घोटालों की सूची पढ़ी। कुछ दिन पहले जबलपुर में प्रियंका गांधी ने भी भाजपा के घोटालों की सूची पढ़ी थी।
यहां से मोदी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए भी संदेश दिया। उन्होंने अगले साल होने वाले आम चुनावों के लिये भी देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। मोदी ने कहा कि बूथ का काम छोटा नहीं होता यह सबसे महत्वपूर्ण काम है। जरूरत इस बात की है कि कार्यकर्ता जनता की छोटी छोटी जरूरतों से जुड़ें और उनकी समस्या हल करें, इससे उनकी स्वीकार्यता व ताकत बनेगी। दरअसल भाजपा का 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' अभियान के तहत 543 लोक सभाओं के 10 लाख व मप्र के 64, 100 बूथों के कार्यकर्ताओं से मोदी वचुअल तौर पर जुड़े।
इस दौरान मप्र के चुनिंदा तीन हजार बूथ कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। पीएम ने इनसे सीधा संवाद किया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं में खूब जोश भरा व तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि मुझे यहां आकर गौरव अनुभव हो रहा है। थोड़ी ही देर पहले मैंने देशभर को जोड़ने वाली पांच वंदेभारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का भी गौरव मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग जो भी काम करते हैं, वह सभी जानकारियां मुझ तक पहुंचती रहती हैं। इसीलिये अमेरिका से आने के बाद सबसे पहले आप लोगों से मिला हूं। क्योंकि भाजपा की ताकत ही कार्यकर्ता हैं। बूथ के तहत काम करने वाले कार्यकर्ता यदि लोगों से जुड़ेंगे और उनकी परेशानी दूर करने की कोशिश करेंगे तो स्वीकार्यता बनेगी।
उन्होंने उदाहरण दिया कि यदि गांव के लोगों से जुड़कर यदि आप किसानों का व्हाट्सएप ग्रुप बना लें और उनकी खाद की जरूरत पूछें और सभी की जरूरत की खाद यदि एक साथ बुला लें तो किसानों का खर्चा बचेगा और आप नेता बन सकेंगे। इसी तरह हर घर में बच्चे होते हैं, उनकी मदद करें। यही ताकत बनती है। यानि जब कार्यकर्ता जनता से जुड़कर उनके छोटेछोटे काम करेंगे तो यह पार्टी देश व समाज सभी के लिये लाभकारी है।
शिवराज बोले मोदी हमारे फिलास्फर व गाइड
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी केवल हमारे नेता नहीं बल्कि गाइड, फिलास्फर व बड़े भाई भी हैं। आने वाले पांच राज्यों के चुनाव में हम संकल्प ले रहे हैं कि बूथ जीतेंगे तो चुनाव भी जीतेंगे। फिर 2024 में भाजपा फिर ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद के लिये मोदी ने मप्र को चुना है। मोदी के नेतृत्व में देश में प्रगति और विकास का एक नया इतिहास रचा है जन कल्याण और गरीब कल्याण का एक नया अध्याय लिखा है मोदी नाम आज मंत्र बन गया है जहां मोदी जाते हैं दुनिया झूम जाती है आज देश मोदी मंत्र का उच्चारण करता है अमेरिका की संसद में जब हमारे प्रधानमंत्री बोले तो 79 बार सांसदों ने तालियों की गड़गड़ाहट से मोदी जी का स्वागत किया।
हमने कमजोर क्षेत्र तलाशे, काम किया: नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हमने कमजोर विधानसभा क्षेत्र तलाशे और वहां काम किया, तथा बूथ को मजबूत बनाने की योजना के तहत कार्यकर्ता तैयार किए। यहां से प्रशिक्षित कार्यकर्ता देशभर में बूथ को मजबूत बनाने के गुर बतायेंगे। नड्डा ने कहा कि भाजपा को सबसे बड़ पार्टी बनाने और स्थापित करने में मोदी का बड़ा योगदान है।