प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरी। पीएम मोदी कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के येलहांका एयरबेस से तेजस में सवार हुए। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित एचएएल यानी हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड फैसिलिटी का दौरा भी किया। तेजस में उड़ान को PM मोदी ने गजब का अनुभव बताया।
फाइटर प्लेन में बैठने के बाद पीएम ने लिखा- तेजस में सफलतापूर्वक सॉर्टी की। ये गजब का अनुभव रहा। इस उड़ान से मेरे अंदर देश की स्वदेशी क्षमताओं पर भरोसा और बढ़ गया है। साथ ही हमारी राष्ट्रीय क्षमता के बारे में मुझे एक नए गर्व और आशा का एहसास हुआ।
तेजस भारत द्वारा विकसित किया जा रहा एक हल्का व कई तरह की भूमिकाओं वाला जेट लड़ाकू विमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रक्षा उत्पादों के स्वदेशी उत्पादन पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया है कि भारत में रक्षा उत्पादों के विनिर्माण और उनके निर्यात को बढ़ावा दिया जाय।
बता दें कि कई देशों ने हल्के लड़ाकू विमान तेजस को खरीदने में रुचि दिखाई है और अमेरिकी रक्षा दिग्गज जीई एयरोस्पेस ने प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान Mk-II-तेजस के लिए संयुक्त रूप से इंजन बनाने के लिए एचएएल के साथ एक समझौता किया था।