दिल्ली, भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को दिल्‍ली में प्रगति मैदान के भारत मंडपम में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 7वें संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर PM मोदी द्वारा यहां आयोजित प्रदर्शनी का भी मुआयना किया।

भारतीय मोबाइल कांग्रेस (IMC) एशिया का सबसे बड़ा दूरसंचार, मीडिया और प्रौद्योगिकी मंच है, जो 27 से 29 अक्टूबर, 2023 तक आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस इवेंट में Jio, Airtel और Vodafone Idea (Vi) जैसी टेलीकॉम कंपनियां अपने नए 5G उपयोग के मामलों का प्रदर्शन, अपने एप्लिकेशन और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी जो अगले कुछ वर्षों में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध हो सकती हैं।

इसके अलावा IMC के इस इवेंट के 7वें संस्करण में 6जी, 5जी नेटवर्क सुधार, दूरसंचार और अन्य क्षेत्रों पर फोकस रहेगा। इस दौरान IMC 2023 में करीब 22 देशों के एक लाख से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इनमे 5000 सीईओ स्तर के प्रतिनिधि, 230 प्रस्तुतिकर्ता, 400 स्टार्टअप और अन्य हितधारक शामिल हैं। एआई एप्लीकेशन, एज कंप्यूटिंग, इंडस्ट्री 4.0 और इंडिया स्टैक को लेकर भी नई जानकारी मिलेगी।