प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी की सेहत अचानक बिगड़ गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी की मां हीराबेन मोदी को इलाज के लिए अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हीराबेन मोदी को किस तरह की समस्या के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। अस्पताल ने भी अभी कोई हेल्थ अपडेट जारी नहीं किया है जिसके कारण सेहत से जुड़ी मौजूदा दिक्कत की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि हीराबेन मोदी ने इसी साल जून में अपना 100 वां जन्मदिन मनाया था। उस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके पैर धोकर उनका आशीर्वाद लिया था। पीएम मोदी ने इसके बाद एक भावुक ब्लॉग भी लिखा था।
इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद मोदी एक कार एक्सीडेंट में घायल हो गए थे। वे अपने बेटे, बहू और पोते के साथ बांदीपुर जा रहे थे, जब उनकी मर्सिडीज बेंज कार कर्नाटक के मैसूरु के पास डिवाइडर से टकरा गई। प्रह्लाद मोदी को उनके परिवार के साथ इलाज के लिए जेएसएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि, कहा जा रहा है कि उन्हें मामूली चोटें आई हैं और फिलहाल वे सुरक्षित हैं।