प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन ने गांधीनगर में मतदान किया। इस दौरान हीरा बा के बेटे और पीएम मोदी के भाई पंकज मोदी भी मौजूद रहे। बता दें कि हीरा बा की उम्र करीब 100 साल है।

पंकज मोदी अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हीरा बा को व्हीलचेयर पर लेकर मतदान केंद्र तक आए। मतदान के बाद पीएम मोदी की मां हीराबेन ने मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया।

बता दें कि पीएम मोदी भी रविवार को ही वोट डालने अहमदाबाद पहुंचे थे। रविवार शाम अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतरने के बाद, प्रधानमंत्री अपनी मां हीराबा से मिलने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए गांधीनगर स्थित अपने आवास पर पहुंचे थे।

पीएम मोदी ने अपनी मां के साथ करीब 45 मिनट बिताए और गांधीनगर में बीजेपी मुख्यालय 'कमलम' के लिए रवाना हो गए। वहां पर उनकी अगवानी अमित शाह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने की थी।