विश्व कप का फाइनल मैच 19 नवंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मेगा मुकाबले को देखने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचेंगे। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मैच के दौरान मौजूद रहेंगे।
अलावा इसके, इस मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीस और उपप्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स को भी आमंत्रित किया गया है। उम्मीद है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री और उपप्रधानमंत्री भी देखेंगे। हालाँकि, अभी भी दोनों की ओर से पुष्टि का इंतजार है।
ऑस्ट्रेलिया 8वीं बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलेगा। वहीं वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का यह चौथा खिताबी मुकाबला है। मैच खेलने के लिए टीम इंडिया पहले ही अहमदाबाद पहुंच गई है। आपको बता दें कि दो दिन पहले भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में भारत ने पहली पारी खेलते हुए 397 रन बनाए। बाद में इस स्कोर को चेज़ करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 327 रन पर आउट हो गई। इस मैच में भारत के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 9.5 ओवर में 57 रन देकर 7 विकेट लिए।
भारत के फाइनल में पहुंचने के अगले दिन ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेमीफाइनल मैच खेला गया। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 213 रनों का लक्ष्य दिया। जबाव में कंगारुओं ने 47.2 ओवर में 7 विकेट खोकर मैच जीत लिया। हालांकि, मैच जीतने के लिए कंगारुओं को काफी मश्क्कत करनी पड़ी, क्योंकि अफ्रीका ने 6 विकेट महज 174 रन पर ही चटखा दिए गए थे।