पूरे देश में आज 'वीर बाल दिवस' मनाया जा रहा है। इस मौके पर दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की याद में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की और वीर साहिबजादों को नमन किया।
पीएम मोदी ने कहा कि कि शहीदी सप्ताह और वीर बाल दिवस हमारी सिख परंपरा के लिए भावों से भरा जरूर है, लेकिन इससे आकाश जैसी अनंत प्रेरणा जुड़ी हैं। वीर बाल दिवस हमें याद दिलाएगा कि शौर्य की पराकाष्ठा के समय उम्र मायने नहीं रखती है। ये याद दिलाएगा कि दस गुरुओं का योगदान क्या है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं अपनी सरकार का सौभाग्य मानता हूं कि 26 दिसम्बर को मुझे यह दिन वीर बाल दिवस घोषित करने का मौका मिला। जिस पीढ़ी के युवा जोर जुल्म के आगे झुक जाते हैं, वो हमेशा के लिए गिर जाते हैं। भारत की युवा पीढ़ी भी देश को आगे ले जाने के लिए निकल पड़ी है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि सिख गुरु परंपरा केवल आस्था की प्रतीक नहीं है, वो देश की आन बान शान के भी प्रतीक है। राष्ट्र प्रथम का संकल्प का गुरु गोबिंद सिंह का था। हमारे गुरु धार्मिक कट्टरताओं के खिलाफ हमेशा खड़े रहें। नया भारत पहले की भूलों को सुधारने का काम कर रहा है।
गौतलब है कि इस साल 9 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा करते हुए कहा था कि 26 दिसंबर को सिख गुरु के बेटों जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा।