प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को जोधपुर पहुंचे हैं। इसके बाद पीएम का काफिला आमसभा स्थल रावण का चबूतरा मैदान पर पहुंचा। 5 साल बाद जोधपुर पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी के प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह नजर आया।
सभा के पहले पीएम मोदी ने आमसभा स्थल पर अलग से बने विशेष डोम में जोधपुर में सड़क, रेल विमान, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा क्षेत्र की 5 हजार करोड़ लागत की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रख राष्ट्र के नाम समर्पित किए। इसके बाद पीएम मोदी ने एक आमसभा को संबोधित किया।
आमसभा के दौरान PM मोदी ने कहा, "मैंने सुना है एक फिल्म आई है द वैक्सीन वॉर, भारत में कोविड से लड़ाई लड़ने के लिए हमारे देश के वैज्ञानिकों ने जो रात-दिन मेहनत की, अपने लैब में एक ऋषि की तरह साधना की है। उस फिल्म में इन सभी बातों को दर्शाया गया है। मैं यह फिल्म बनाने वालों को बधाई देता हूं कि उन्होंने यह फिल्म बनाकर वैज्ञानिकों और विज्ञान को महत्व दिया।