संसद का शीतकालीन सत्र आज यानि कि 4 दिसंबर सोमवार से शुरू हो रहा है। इस सत्र में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी भी संसद पहुंचे हैं। पीएम मोदी के संसद पहुंचने पर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ संसद में जोरदार स्वागत किया। 

तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत से उत्साहित भाजपा सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में लोकसभा में 'तीसरी बार मोदी सरकार' और 'बार-बार मोदी सरकार' के नारे भी लगाए।

इस पहले पीएम मोदी ने संसद के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए विपक्षी ताकतों पर निशाना साधा। 

पीएम मोदी ने मीडिया से कहा कि राजनीतिक माहौल गरमा गया है। रविवार को चार राज्यों के चुनाव नतीजे आये, परिणाम उत्साहवर्धक रहा। ये उनके लिए था जो सामान्य जन के कल्याण के लिए, देश के लिए, देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ''मैं विपक्षी ताकतों से कहना चाहता हूं कि वे संसद में हार पर अपना गुस्सा न निकालें और झूठी आवाजें उठाकर संसद की कार्यवाही को बाधित करने की कोशिश न करें।'' उन्होंने विपक्ष से कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले यह सत्र हमारे लिए महत्वपूर्ण होगा और हमें यह मौका नहीं चूकना चाहिए।