आम आदमी पार्टी के नेताओं को एक के बाद एक जेल में डालने के विरोध में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री जी, ये रोज़-रोज़ जेल का खेल खेलना बंद कीजिए। हम आपके ऑफ़िस पहुंच गए हैं, पूरी आम आदमी पार्टी को ही एक साथ गिरफ़्तार कर लीजिए।
उन्होंने कहा, ''आप नेताओं के खिलाफ मिशन जादू के तहत कार्रवाई की जा रही है। बीजेपी ऑपरेशन जादू चला रही है। जो कुछ भी हो रहा है, वह पीएम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। चुनाव के बाद आप के बैंक खाते जब्त कर लिए जाएंगे।''
आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, मैं आपको बता दूं कि आज हम यहां क्यों इकट्ठा हुए हैं। प्रधानमंत्री ने आम आदमी पार्टी को कुचलने की योजना बनाई है। उन्होंने ऑपरेशन जादू रचा है। हमारे परिचितों ने हमें बताया कि जब हम पीएम से मिले तो उन्होंने निकलते ही आप के बारे में बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी बहुत तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भविष्य में कई राज्यों में बीजेपी के लिए चुनौती बन सकती है, इसलिए प्रधानमंत्री का मानना है और कहते हैं कि इस पार्टी को तुरंत खत्म कर देना चाहिए.
दिल्ली सीएम के पूर्व निजी सचिव विभव कुमार की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का मार्च खत्म हो गया है। विरोध के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल भी अपने दफ्तर लौट आए हैं।
आप कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय की ओर बढ़ रहे सीएम अरविंद केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर रोक दिया। इसके बाद आप सांसद संजय सिंह ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को सड़क पर ही धरने पर बैठने को कहा। पार्टी नेता के आदेश पर आप नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
दिल्ली सीएम ने आगे कहा कि ऑपरेशन जादू के तहत आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया जाएगा और ऐसा किया जा रहा है। बैंक खाते सीज होंगे। ईडी ने कहा है कि चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी के बैंक खाते सीज कर दिए जाएंगे। पार्टी कार्यालय खाली कराया जाएगा। उन्हें लगता है कि इस तरह वे आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे। मैं कहना चाहता हूं कि ये 140 करोड़ लोगों की सपनों की पार्टी है। देश की जनता ने 75 साल में हमारे जैसा काम नहीं देखा। इतनी ईमानदारी से तो सरकार भी चल सकती है। हमारी पार्टी की विचारधारा देश में तेजी से फैल रही है।
आपको बता दें, कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव विभव कुमार को स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोप में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ रविवार को आम आदमी पार्टी द्वारा की ओर से विरोध किया गया।