QS Asia Ranking 2024: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे को क्यूएस रैंकिंग 2024 में लगातार दूसरी बार देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थान का दर्जा दिया गया है। इतना ही नहीं रैंकिंग विश्वविद्यालयों की संख्या के मामले में भी भारत ने चीन को पछाड़ दिया है। क्यूएस एशिया रैंकिंग 2024 में रिकॉर्ड 148 विश्वविद्यालयों ने यहां जगह बनाई है। हालांकि, इस सूची में सिर्फ़ 133 चीनी विश्वविद्यालय ही शामिल हो सके।
भारत के अलावा अन्य देशों का क्या है हाल?
क्यूएस विश्लेषकों द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि भारत में अब 148 विशिष्ट विश्वविद्यालयों के साथ क्यूएस एशिया रैंकिंग में उच्चतम प्रतिनिधित्व वाली उच्च शिक्षा प्रणाली है, जो पिछले साल से 37 अधिक है। इसके बाद 133 के साथ चीन और 96 के साथ जापान का स्थान है। इसके अलावा कंबोडिया, म्यांमार और नेपाल को पहली बार इस सूची में शामिल किया गया है।
एशिया के टॉप-100 में 5 IIT
क्यूएस के मुताबिक, देश के टॉप 100 संस्थानों में आईआईटी बॉम्बे के अलावा कानपुर, मद्रास, दिल्ली, खड़गपुर, आईआईएससी बेंगलुरु और दिल्ली यूनिवर्सिटी भी शामिल हैं। क्यूएस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बेन साउटर ने कहा कि भारत ने पीएचडी संकेतक के साथ कर्मचारियों के लिए अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 42.3 हासिल किया है, जो पिछले साल 22 था। क्यूएस रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की आउटबाउंड छात्र गतिशीलता एक मील का पत्थर है। आईआईटी बॉम्बे 40वें स्थान पर है। इसके बाद आईआईटी दिल्ली 46वें और आईआईटी मद्रास 53वें स्थान पर है।