राज्यसभा अध्यक्ष जगदीप धनखड़ ने राघव चड्ढा को संसद के उच्च सदन में आम आदमी पार्टी (आप) के अंतरिम नेता के रूप में नियुक्त करने के पार्टी के अनुरोध को खारिज कर दिया। सूत्रों के हवाले से ये ख़बर आ रही है, कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर कहा है कि यह अनुरोध खारिज किया जाता है।

धनखड़ ने पत्र में कहा, "यह पहलू संसद में मान्यता प्राप्त पार्टियों, समूहों और मुख्य सचेतक (सुविधाएं) अधिनियम 1998 के तहत बनाए गए नियमों के अधीन है।" अनुरोध कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है। इसलिए इसे स्वीकार नहीं किया जा रहा है। '' ऐसे में अब संजय सिंह उच्च सदन में आप के नेता बने रहेंगे।

जबकि AAP से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी का नेता नियुक्त करने के अनुरोध को खारिज नहीं किया गया है। कुछ सुधार करने को कहा गया है, जो किया जाएगा। हाल ही में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राघव चड्ढा को नेता नियुक्त करने का अनुरोध किया था। वजह यह है कि फ्लोर लीडर संजय सिंह न्यायिक हिरासत में हैं।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में राघव चड्ढा ने अपने निलंबन को लेकर सुप्रीम कोर्ट से नोटिस मिलने के बाद राज्यसभा में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से माफी मांगी थी। इसके बाद उनका निलंबन बहाल कर दिया गया।