कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के मंच पर गुस्सा होते नज़र आ रहे हैं। राहुल गांधी का गुस्सा देख मंच पर साथी नेता भी हैरान रह गए। 

यह घटनाक्रम हरियाणा में बुधवार सुबह का बताया जा रहा है। बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई। इस दौरान झंडा हस्तांतरण समारोह में राहुल का गुस्सा आ गया। 

दरअसल, कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक नेता सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे लेकिन राहुल गांधी ने गुस्से में उनका हाथ झटक दिया। आम तौर पर शांत और संयत दिखने वाले राहुल गांधी को इस रूप में देख साथी नेता भी हैरान रह गए। 

हरियाणा के नूंह में भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा समेत अन्य नेताओं ने किया। यहाँ राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ये मत सोचिए कि ये नई लड़ाई है, ये लड़ाई हजारों साल पुरानी है।