कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज दो दिवसीय (12-13 अगस्त) दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंच रहे हैं। सांसद के रूप में बहाल होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल का यह पहला वायनाड दौरा है। यहां राहुल पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। रहल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदेश यूनिट उत्साहित है।

राहुल गांधी 2019 में वायनाड से लोकसभा चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे। मोदी सरनेम मामले में दोषी पाए जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी। इससे पहले राहुल गांधी सांसदी जाने के 16 दिन बाद 11 अप्रैल 2023 को वायनाड गए थे।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट किया कि राहुल गांधी 12-13 अगस्त को अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड का दौरा करेंगे। वायनाड के लोग खुश हैं, कि लोकतंत्र की जीत हुई है और उनकी आवाज संसद में वापस आ गई है। राहुल जी सिर्फ सांसद नहीं, उनके परिवार के सदस्य हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को उनकी 'मोदी उपनाम' टिप्पणी से संबंधित मानहानि मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरी किए जाने के तीन दिन बाद 7 अगस्त को लोकसभा में बहाल किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने 4 अगस्त को गांधी उपनाम पर उनकी टिप्पणी के संबंध में 2019 में उनके खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि मामले में उनकी सजा पर रोक लगा दी, जिससे लोकसभा में उनकी बहाली का मार्ग प्रशस्त हो गया।

मानहानि के एक मामले में 23 मार्च को दो साल की जेल की सजा सुनाए जाने के बाद 24 मार्च 2023 को उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी। इसके बाद गुजरात हाई कोर्ट ने भी सजा को यथावत रखा. राहुल ने उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। 4 अगस्त को कोर्ट ने इस मामले में राहुल की सजा पर रोक लगा दी है।