तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करने को लेकर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का रिएक्शन समाने आया है। उन्होंने 150 विपक्षी सांसदों को बाहर किए जाने पर नाराज़गी जताई है।
राहुल गांधी ने कहा, "...सांसद वहां बैठे थे, मैंने उनका वीडियो शूट किया। मेरे फोन में वीडियो है। मीडिया दिखा रहा है हमारे 150 सांसदों को बाहर कर दिया गया, तब किसी ने कुछ नहीं कहा।" मीडिया में उनके बारे में कोई बहस नहीं हो रही है।''
राहुल गांधी ने आगे कहा, "अडानी पर कोई चर्चा नहीं है, राफेल पर कोई चर्चा नहीं है, बेरोजगारी पर कोई चर्चा नहीं है। हमारे सांसद निराश होकर बाहर बैठे हैं, लेकिन आप (मिमिक्री) इसके बारे में बात कर रहे हैं।"
बता दें कि संसद के दोनों सदनों से निलंबित होने वाले विपक्षी सांसदों ने मंगलवार (19 दिसंबर) को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा अध्यक्ष जगदीप धनखड़ की मिमिक्री की। राहुल गांधी को इस दौरान वीडियो बनाते हुए और हंसते हुए नज़र आए थे।
इस घटना पर गुस्सा जताते हुए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राज्यसभा में कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी इस स्तर पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी मुझे और मेरे दर्द को नहीं सुनना चाहता।
उन्होंने आगे कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की चुप्पी परेशान करने वाली है। मुझे अपमान की परवाह नहीं है, लेकिन मैं किसानों या अपने वर्ग का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। यदि मेरा अपमान होता है तो मैं खून का घूंट पी जाता हूं, लेकिन मैं यह सहन नहीं कर सकता कि मैं अपने पद की गरिमा की रक्षा न कर सकूं।