राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान पहुंचने से पहले कांग्रेस में एक बार फिर से खींचातानी शुरू हो गई है। गुरुवार को अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बयानों के बाद कांग्रेस की अंदरुनी खींचतान पर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कटाक्ष किया है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि अब ये राहुल गांधी ही तय करेंगे कि राजस्थान में गद्दार कौन है? 

नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि गद्दार कौन है ये गहलोत तो तय नहीं कर सकते। यह राहुल गांधी को ही तय करना है कि जिसने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के समय बगावत कर सोनिया गांधी को आंखें दिखाईं वो गद्दार है या जिसने गहलोत को आंख दिखाईं वो गद्दार है।

इस समय राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एमपी में है। कल बोरदली से शुरु हुई यात्रा में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और सचिन पायलट एक साथ शामिल हुए थे। दोनों के इस तरह एक साथ आने को लेकर भी कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लोगों ने अपने-अपने हिसाब से समीकरण गढ़ने भी शुरु कर दिए हैं। 

आपको बता दें कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने सचिन पायलट पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि पायलट को सीएम कैसे बनाया जा सकता है। जिसके पास 10 विधायक नहीं हैं, जिसने बगावत की है, जिसे देशद्रोही कहा गया है, उसे लोग कैसे स्वीकार कर सकते हैं।

गहलोत के हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए सचिन पायलट ने कहा कि उन्होंने पहले मुझे निकम्मा और देशद्रोही कहा था, उनके लगाए आरोप निराधार हैं। ये वक्त बीजेपी से लड़ने का है, इस तरह के झूठे आरोप लगाने की जरूरत नहीं है। पायलट कहा कि वे पार्टी के अनुभवी नेता हैं, उन्हें इतना असुरक्षित नहीं होना चाहिए। यदि हम आज किसी स्थिति में हैं, तो इसका अर्थ यह नहीं है कि हम सदैव वहीं रहेंगे। मुझे नहीं पता कि मुख्यमंत्री को ऐसी सलाह कौन दे रहा है।

वहीं कांग्रेस ने भी गहलोत के बयान को गंभीरता से लिया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच के मतभेदों को पाटेंगे और इससे कांग्रेस मजबूत होगी, अब सभी का लक्ष्य भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाना है।

इससे पहले भी गहलोत ने कहा था कि जिस वजह से हम 34 दिनों तक होटल में बैठे रहे, यह सरकार गिराई जा रही थी, इसमें अमित शाह भी शामिल थे, धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल थे। गहलोत खेमे के पायलट को नहीं मानने के सवाल पर गहलोत ने कहा- जिस शख्स ने गद्दारी की, हमारे विधायक और मैंने झेला, 34 दिन होटल में रहे, उसे कैसे मानेंगे? मैं आज सीएम हूं। हाईकमान के इशारे के सवाल पर उन्होंने कहा- हाईकमान का इशारा छोड़, मेरे पास कोई सिग्नल नहीं है। मैं हाईकमान के साथ हूं। पायलट को कोई स्वीकार नहीं करेगा।