केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष से कहा कि राजनीतिक दलों को महिलाओं के बीच भेदभाव नहीं करना चाहिए। महिलाओं के खिलाफ अपराध केवल महिलाओं के खिलाफ अपराध ही हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार 22 जुलाई को बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत पर पलटवार किया और उनके इस्तीफे की मांग की है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राजस्थान सरकार को महिलाओं और पुरुषों के बीच भेदभाव नहीं करना चाहिए, उन्होंने पूछा कि क्या अशोक गहलोत जी राजस्थान में अपराध के लिए अपने पद से इस्तीफा देंगे।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश के कुछ राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है और कई राज्यों में इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बेगूसराय में जो हुआ वह हमारे सामने है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पर एक शब्द भी नहीं बोला है।
उन्होंने आगे कहा, कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में राजस्थान नंबर वन राज्य बन गया है। दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के बजाय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने पर अपने एक मंत्री राजेंद्र गुड़ा को बर्खास्त कर दिया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मेरा राजस्थान के सीएम से एक ही सवाल है कि क्या राजस्थान की कानून व्यवस्था सीएम की जिम्मेदारी है या नहीं? क्या वे राजेंद्र गुड़ा के बयान के बाद इस्तीफा देंगे? राजस्थान की घटनाओं पर अशोक गहलोत शर्मिंदा हैं या नहीं? खड़गे और गांधी परिवार के सामने सवाल ये है कि क्या वो राजस्थान की जिम्मेदारी भूल गए हैं। क्या विपक्षी नेता अपना प्रतिनिधिमंडल राजस्थान, बिहार और बंगाल भी भेजेंगे?
वहीं जब उनसे पूछा गया कि वह मणिपुर पर चर्चा के लिए क्यों तैयार नहीं हैं तो उन्होंने जवाब दिया कि बीजेपी सरकार संसद में मणिपुर और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष ही इन मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहता।