जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बीते 28 घंटे से जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। गुरुवार को सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। वहीं मुठभेड़ में एक और जवान शहीद हो गया है। अब तक इस एनकाउंटर में पांच जवान शहीद हो चुके हैं।
राजौरी के कालाकोट में जिन दो आतंकियों को आज मार गिराया गया उसमें एक आतंकी का नाम कारी है। कारी लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर था और पिछले एक साल से अपने ग्रुप के साथ राजौरी-पुंछ में एक्टिव था। उसे डांगरी और कंडी हमलों का मास्टरमाइंड भी माना जाता है।
बताया जा रहा है कि कारी को जम्मू में आतंकवाद को दोबारा फैलाने के लिए भेजा गया था। वह IED में स्पेशलिस्ट था और गुफाओं से छिपकर काम करने वाला ट्रेंड स्नाइपर भी रहा था। कारी के पाकिस्तानी नागरिक होने की बात भी सामने आई है।
इससे पहले बुधवार को मुठभेड़ में सेना के दो अफसर और दो जवान शहीद हो गए थे। शहीद होने वालों में कैप्टन शुभम, कैप्टन एमवी प्रांजिल और हवलदार माजिद थे।