पंजाब में भगवंत मान सरकार के सामने कानून व्यवस्था की बड़ी चुनौती सामने आ रही है। अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि पुलिस स्टेशन तक सुरक्षित नहीं दिख रहे हैं। हाल यह है कि रॉकेट लॉन्चर से पुलिस थाने पर हमला हो रहा है।
तरनतारन जिले के थाना सरहाली पर यह हमला किया गया। शुक्रवार देर रात हुए इस हमले में बिल्डिंग के शीशे टूट गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और न ही हमला करने वालो की भी अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस थाने को निशाना बनाकर रात एक बजे रॉकेट लॉन्चर से अटैक किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह रॉकेट लॉन्चर पहले कहीं और गिरा उसके बाद डायवर्ट होकर पुलिस स्टेशन में आया है। अटैक के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। इंटेलीजेंस एजेंसियों ने इस हमले को कन्फर्म किया है। डायरेक्ट हिट न होने की वजह से इसका असर कम हुआ है।
जिस सरहाली क्षेत्र में हमला किया गया है, वो कुख्यात गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का इलाका बताया जाता है। अभी पिछले दिनों ही रिंदा की पाकिस्तान में मौत हो गई थी। इससे पहले मोहाली के सेक्टर-77 में आरपीजी पर भी अटैक किया गया था। उसके बाद अब ये बड़ा हमला हुआ है।