दिल्ली के बहुचर्चित शराब नीति घोटाले मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। शुक्रवार को दिल्ली राउज एवेन्यू कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ाते हुए 10 नवंबर तक के लिए जेल भेज दिया। संजय सिंह को ED ने 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।
संजय सिंह ने अदालत में अर्जी लगाई थी कि वो डायबिटीज से पीड़ित हैं इसलिए उनको उनके निजी डॉक्टर से सलाह लेने की इजाजत दी जाए। अदालत ने संजय सिंह को इसके लिए इजाजत दे दी है। वहीं अदालत में संजय सिंह को इस बात की भी इजाजत दी कि वह घर वालों के घर खर्च के लिए चेक पर हस्ताक्षर कर सकें।
न्यायिक हिरासत बढ़ाते हुए अदालत ने संजय सिंह को इस बात की भी इजाजत दी कि वे एमसीडी कमिश्नर को अपने MPLAD फण्ड से विकास कार्य करने के लिए लिखी चिट्ठी पर हस्ताक्षर कर सकें।
इससे पहले संजय सिंह को कोर्ट में पेश किया जाने के दौरान AAP के कार्यकर्ता ने बीजेपी और केंद्र के खिलाफ नाराजगी का इजहार दिल्ली की सड़कों पर किया। आप के कार्यकर्ता संजय सिंह का तत्काल रिहाई की मांग कर रहे थे। इस दौरान दिल्ली पुलिस और आप कार्यकर्ताओं के बीच विवाद भी हुआ।