जम्मू-कश्मीर  से अनुच्छेद 370 हटाए जाने और राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अपना फैसला सुनाया। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि 370 हटाना संवैधानिक तौर पर सही फैसला है।

अब इस फैसले का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई नेताओं ने स्वागत किया है।  पीएम मोदी ने अपने  X हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, अनुच्छेद 370 को निरस्त करने पर आज का सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक है और 5 अगस्त 2019 को भारत की संसद द्वारा लिए गए फैसले को संवैधानिक रूप से बरकरार रखता है, यह जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में हमारी बहनों और भाइयों के लिए आशा, प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे लिखा कि न्यायालय ने, अपने गहन ज्ञान से, एकता के मूल सार को मजबूत किया है जिसे हम, भारतीय होने के नाते, बाकी सब से ऊपर प्रिय मानते हैं और संजोते हैं। मैं जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के लचीले लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आपके सपनों को पूरा करने के लिए हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रगति का लाभ न केवल आप तक पहुंचे, बल्कि इसका लाभ हमारे समाज के सबसे कमजोर और हाशिए पर रहने वाले वर्गों तक भी पहुंचे, जो अनुच्छेद 370 के कारण पीड़ित थे।

आज का फैसला सिर्फ कानूनी फैसला नहीं है, यह आशा की किरण है, उज्जवल भविष्य का वादा है और एक मजबूत, अधिक एकजुट भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प का प्रमाण है। 

आपको बता दें, कि सुप्रीम कोर्ट ने धारा 370 हटाए जाने को लेकर दायर की गई याचिकाओं को लेकर फैसला सुनाते हुए कहा, केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सितम्बर 2024 राज्य में चुनाव के लिए उचित कदम उठाये जाएँ।

कोर्ट ने कहा कि आर्टिकल 356 के बाद केंद्र केवल संसद के द्वारा कानून ही बना सकता है, ऐसा कहना सही नहीं होगा। CJI ने यह भी कहा कि इस फैसले में 3 जजों के जजमेंट हैं। एक फैसला मेरा, जस्टिस गवई और जस्टिस सूर्यकांत का है। दूसरा फैसला जस्टिस कौल और जस्टिस खन्ना का। दोनों फैसलों से सहमत हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा, "अनुच्छेद 370 एक अस्थायी प्रावधान है। सुप्रीम कोर्ट का मानना है कि अनुच्छेद 370 का अस्तित्व समाप्त होने की अधिसूचना जारी करने की राष्ट्रपति की शक्ति जम्मू-कश्मीर संविधान सभा के भंग होने के बाद भी बनी रहती है। अनुच्छेद 370 जम्मू-कश्मीर के संघ के साथ संवैधानिक एकीकरण के लिए था और यह विघटन के लिए नहीं था, और राष्ट्रपति को अनुच्छेद 370 का अस्तित्व समाप्त  करने का अधिकार है।