अयोध्या में आकार ले रहे भव्य राम मंदिर का प्रतिष्ठा समारोह अगले साल 22 जनवरी 2024 को होने जा रहा है। इस समारोह में देश दुनिया के करीब 7000 वीवीआईपी के आने की संभावना है। समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले ही निमंत्रण भेजा जा चुका है।
अब राम मंदिर के लिए रथ यात्रा निकालने वाले BJP के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को मंगलवार के दिन आमंत्रण मिला। संघ के डॉ कृष्णगोपाल, रामलाल और विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार ने लालकृष्ण आडवाणी के घर पर मुलाक़ात कर उन्हें प्राण प्रतिष्ठा का न्योता दिया।
इस समारोह में शामिल होने के लिए कई हस्तियों को निमंत्रण दिया गया है। जिसमें योगी आदित्यनाथ, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, उद्योगपति मुकेश अंबानी , गौतम अडानी, रतन टाटा समेत 3000 वीवीआईपी लोगों को भी निमंत्रण भेजा गया है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, योग गुरु रामदेव का नाम भी आमंत्रित जनों में शामिल है।
वहीं राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने लोगों से अपील की है कि जिन्हें आमंत्रण पत्र नहीं मिला है वो अयोध्या न आएं बल्कि अपने घर के पास ही बने मंदिरों में पूजा पाठ करें या फिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रमों को घर पर बैठकर टीवी पर देखें। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी है।