केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल को सेक्सटॉर्शन कॉल का मामला सामने आया है। पटेल को ये वीडियो कॉल ऑर्गनाइज सेक्सटॉर्शन कॉल करके ब्लैकमेल करने वाले गैंग की ओर से की गई। केंद्रीय मंत्री की ओर से मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली क्राइम ब्रांच ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पटेल के पर्सनल सेक्रेटरी आलोक मोहन की ओर से दिल्ली पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी गई। शिकायत में कहा गया है कि मंत्री प्रहलाद पटेल के मोबाइल नंबर पर वीडियो कॉल आई थी। बताया जाता है कि पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

चलने लगा था पोर्न

बताया जाता है कि पटेल के फोन पर वॉट्सएप से वीडियो कॉल आई थी, उन्होंने जैसे ही कॉल पिक की, स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चलने लगा। मंत्री ने तुरंत कॉल काट दी, लेकिन थोड़ी देर बाद ही उन्हें दोबारा कॉल आई और कॉल करने वाले ने पॉर्न देखते उनका वीडियो सोशल मीडिया पर जारी करने की धमकी दी। कॉलर ने कहा कि अगर बेइज्जती से बचना है तो वो पैसे दें। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक संगठित सेक्सटॉर्शन रैकेट का हिस्सा हैं।