बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को ट्वीट करके राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की सिंगापुर में सफल किडनी ट्रांसप्लांट की जानकारी दी। तेजस्वी ने फेसबुक पर एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि पापा होश में हैं। बात कर रहे हैं आप सभी की शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मीसा भारती ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि पापा ठीक हैं।
पिता को किडनी दान करने वाली लालू यादव की सिंगापुर में रहने वाली बेटी रोहिणी आचार्य भी ट्रांसप्लांट के बाद स्वस्थ हैं।
ऑपरेशन से पहले रोहिणी ने लालू के साथ एक तस्वीर ट्वीट की थी। उन्होंने लिखा था- रॉक एंड रोल के लिए तैयार। मेरे लिए इतना ही काफी है, आपका कल्याण ही मेरा जीवन है।
राजद सुप्रीमो की गुर्दा प्रत्यारोपण प्रक्रिया 3 दिसंबर से शुरू हुई थी। रोहिणी और लालू दोनों का ब्लड ग्रुप AB पॉजिटिव है। लालू की सर्जरी सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में हुई।
कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे राजद अध्यक्ष को किडनी ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी गई थी। सिंगापुर में रहने वाली उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने फिर अपने पिता को एक नया जीवन देने के लिए कदम आगे बढ़ाए।
लालू प्रसाद यादव के करीबी सहयोगी भोला यादव, उनके बेटे तेजस्वी यादव और उनके राजनीतिक सलाहकार संजय यादव, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बड़ी बेटी मीसा भारती लालू यादव के साथ सिंगापुर में हैं।
लालू यादव, अभी ज़मानत पर बाहर हैं, वे चारा घोटाले में शामिल होने के आरोप में जेल जा चुके हैं और इलाज के लिए दिल्ली और रांची में कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। वे डायबिटीज़, ब्लडप्रेशर और किडनी संबंधित समस्याओं से जूझ रहे थे।
अपने पिता को किडनी दान करने के अपने फैसले की घोषणा करते हुए, रोहिणी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि वह अपने पिता को केवल मांस का एक छोटा सा टुकड़ा दे रही हैं। रोहिणी ने पिछले महीने कहा था, "मैं पापा के लिए कुछ भी कर सकती हूं। कृपया प्रार्थना करें कि सब ठीक हो जाए और पापा एक बार फिर आपकी आवाज उठाएं।"