संसद के शीतकालीन सत्र के 13वें दिन (बुधवार) भी सुरक्षा में चूक के साथ 141 सांसदों के निलंबन के विरोध में विपक्ष मुखर रहा। वहीं देर रात लोकसभा सचिवालय ने सर्कुलर जारी करके इन सांसदों के पार्लियामेंट चैम्बर, लॉबी और गैलरी में आने पर बैन लगा दिया है।
बुधवार को विपक्षी सांसदों ने गांधी प्रतिमा के सामने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और प्रदर्शन किया। इधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेताया कि जब तक सांसदों का निलंबन वापस नहीं होता, विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहेगा। हंगामें के कारण लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
वहीं, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारे जाने का मामला अभी तूल पकड़ता जा रहा है। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने धनखड़ से मुलाकात की वहीं पीएम मोदी ने भी उनसे फोन पर बात की और इस घटना के लिए दुख जताया।
गौरतलब है कि 13 दिसंबर को संसद में हुई घुसपैठ के मामले पर विपक्ष गृहमंत्री के बयान की मांग को लेकर हंगामा करने के आरोप में अब तक विपक्ष के 141 सांसद सस्पेंड हो चुके हैं। इनमें 107 लोकसभा और 34 राज्यसभा के हैं। इन सांसदों के संसद में दाखिल होने पर रोक लग गई है। मंगलवार (19 दिसंबर) देर रात लोकसभा सचिवालय ने सर्कुलर जारी करके इन सांसदों के पार्लियामेंट चैम्बर, लॉबी और गैलरी में आने पर बैन लगा दिया है।