विपक्षी अलायंस I.N.D.I.A.की दो दिवसीय बैठक मुंबई में संपन्न हो गई। बैठक में गठबंधन का  न तो लोगो जारी हो पाया और न ही गठबंधन के संयोजक को लेकर कोई निर्णय हो सका। वहीं राहुल गांधी ने बैठक के बाद पीएम मोदी पर जमकर हमला बोलते हुए बड़ा दावा किया।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि इस मंच पर मौजूद पार्टियां देश की 60 फीसदी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं। अगर वे एकजुट रहे तो भाजपा की हार निश्चित है। अब बीजेपी का जीतना नामुमकिन है। बीजेपी और पीएम मोदी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। हमारे बीच मतभेद हैं लेकिन उन्हें कम किया जा रहा है और दूर किया जा रहा है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैंने लद्दाख में एक सप्ताह बिताया। मैं पैंगोंग झील के सामने गया। वहां के लोगों ने मुझे बताया कि चीनियों ने भारत की जमीन हड़प ली है। उन्होंने मुझसे कहा कि प्रधानमंत्री इस बारे में झूठ बोल रहे हैं। ये बात लद्दाख में हर कोई जानता है। सरकार ने भारत के लोगों और लद्दाख के लोगों को धोखा दिया है।

वहीं राजद प्रमुख लालू यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने झूठ बोलकर चुनाव जीता। उन्होंने चुनाव से पहले कहा था कि हमारा और दूसरे नेताओं का पैसा स्विस बैंकों में जमा है।. लाकर देंगे और प्रत्येक को 15-15 लाख रुपये देंगे। इसके लिए सभी के खाते भी खोले गए। हमने पैसे पाने के लिए अपना, पत्नी और बच्चों का भी खाता खुलवाया, लेकिन हमें कुछ नहीं मिला।