हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हिंसा और हंगामे के बाद इलाके में तनाव है। हिंसा में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। नूह में दो दिनों के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। पूरे इलाके में अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं।

यह हिंसा नूह (मेवात) के बाद गुरुग्राम तक फैल गई है। इन दोनों जिलों के अलावा रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद समेत 5 जिलों में एहतियातन धारा 144 लागू कर दी गई है। इलाके में इंटरनेट संवाएं भी बंद कर दी गई हैं। अलावा इसके नूह, फरीदाबाद और पलवल में सभी शैक्षणिक संस्थान और कोचिंग सेंटर मंगलवार यानी 1 अगस्त को बंद रहेंगे।

नूंह में विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा पर एक समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया था। जिससे इलाके में हिंसा भड़क उठी थी। हिंसामे अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी कर्मी व अन्य लोग घायल हो गये।

पुलिस के मुताबिक दोपहर एक बजे यात्रा बड़कली चौक पहुंची तो समुदाय विशेष के लोगों ने नारेबाजी करते हुए पथराव कर दिया। पथराव के कारण यात्रा में भगदड़ मच गई। उपद्रवियों ने गाड़ियों को पलट दिया और उनमें आग लगा दी।। डायल 112 की गाड़ियां जला दी गईं और तोड़फोड़ भी की गई।

पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस मामले की रिपोर्ट ली है। राज्य के डीजीपी पीके अग्रवाल और सीआइडी प्रमुख आलोक मित्तल भी नूह के लिए रवाना हो गये। गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि शांति बहाल होने के बाद पूरा आकलन किया जाएगा।