अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का इंतज़ार अब ख़त्म होने को है। प्रभु राम के भव्य मंदिर के उद्घाटन की शुभ घड़ी आ चुकी है। 22 जनवरी 2024 को दोपहर 12:30 बजे राममंदिर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसी तारीख को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

रामलला मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होंगे और उनकी प्रतिष्ठा पूजा के लिए राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से पीएम मोदी को निमंत्रण दिया है। पीएम मोदी ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की है।  उन्होंने लिखा-

जय सियाराम! आज का दिन बहुत भावनाओं से भरा हुआ है। अभी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी मुझसे मेरे निवास स्थान पर मिलने आए थे। उन्होंने मुझे श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर अयोध्या आने के लिए निमंत्रित किया है। मैं खुद को बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि अपने जीवनकाल में, मैं इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनूंगा।

फिलहाल अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में रामलला के गर्भगृह के ऊपरी हिस्से पर निर्माण कार्य चल रहा है, जो अक्टूबर 2023 तक पूरा हो जाएगा। पहली मंजिल राम मंदिर अक्टूबर में बनकर तैयार हो जाएगा और 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम करीब सात दिनों तक चलेगा और उसके बाद राम भक्त रामलला के दर्शन कर सकेंगे। रामलला के अभिषेक के लिए देशभर के सभी मंदिरों को सजाया जाएगा। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देश के विभिन्न स्थानों पर वर्चुअली भी दिखाया जाएगा।