वर्ल्डकप के फाइनल में टीम इंडिया की हार के कारण को लेकर जितने मुंह उतनी बातें की जा रही हैं। अब असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने टीम इंडिया के हारने का अटपटा कारण बताया है। हिमंता बिस्वा सरमा ने जो कारण बताया है उससे इस मुद्दे पर सियासी वार पलटवार भी तय है।

दरअसल असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने तेलंगाना चुनाव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व कप का फाइनल इंदिरा गांधी की जयंती पर हुआ और देश हार गया। इसलिए मैं बीसीसीआई से कहना चाहता हूं कि अगर आपके पास विश्व कप का फाइनल मैच है तो हिसाब-किताब कर लें। वो दिन गांधी परिवार से जुड़ा नहीं होना चाहिए, वरना देश हार जाएगा।

हिमंता बिस्वा सरमा ने आगे कहा कि हम बीसीसीआई से कहना चाहेंगे कि  उसे भविष्य में यह सुनिश्चित करना चाहिए कि फाइनल मैच उस दिन आयोजित ना किया जाए, जिस दिन नेहरू-गांधी परिवार के किसी सदस्य का जन्मदिन हो।

सरमा ने आगे कहा कि कहा कि उस दिन भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया विश्व कप मैच था। हम हर गेम जीत रहे थे। फाइनल हार गए। फिर मैंने देखा कि दिन क्या था? हम क्यों हार गए?  हम हिंदू हैं और मैं दिन के अनुसार चलता हूं।  मैंने देखा कि विश्व कप फाइनल ऐसे दिन खेला गया था, जिस दिन इंदिरा गांधी की जयंती भी थी।

बता दें कि हाल ही में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी बिना नाम लिए पीएम मोदी पर तंज कसा था। राहुल गांधी ने बिना नाम लिए अपने सम्बोधन में कहा था कि अच्छा भला हमारे लड़के वर्ल्ड कप जीत जाते, लेकिन पनौती ने हरवा दिया, टीवी वाले ये नहीं कहेंगे. लेकिन जनता जानती है। राहुल गांधी के इस कथन को टीम इंडिया की हार के बाद सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों और वीडियो के साथ शेयर किये गेट हैशटैग पनौती से जोड़ा जा गया था।