मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को दिल्ली में थे, जहां उन्होंने एमसीडी चुनाव के तहत बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को भी संबोधित किया। इस बीच सीएम शिवराज ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार को लेकर जमकर हमला बोला।

केजरीवाल को शिकारी बताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली वासियों से सतर्क रहने की अपील की। वार्ड नंबर 56 के शालीमार बाग और वार्ड नंबर 54 की रोहिणी डी में चुनावी जनसभाओं में उन्होंने कहा कि सबसे पहले केजरीवाल ने अपने गुरु अन्ना हजारे को धोखा दिया, उन्होंने उनके साथ विश्वासघात किया। बच्चों को झूठी कसमें तक खाई गईं, कुमार विश्वास जैसे दोस्तों को भी धोखा दिया। केजरीवाल दिल्ली को बर्बाद कर रहे हैं। सीएम ने यहाँ तक कहा कि, ऐसा कोई सगा नहीं है जिसे केजरीवाल ने ठगा नहीं। 

सीएम शिवराज ने कहा कि भाजपा सरकार में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। बीजेपी ने एमसीडी में कई विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ हैं और देश के खिलाफ नारे लगाने में शामिल हैं।

केजरीवाल मुफ्त की बात कर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं, लेकिन एमसीडी चुनाव में जनता को केजरीवाल के झूठे वादों का जवाब देना होगा। सीएम शिवराज ने कहा कि केजरीवाल करप्शन वॉल और करप्शन किंग हो गये हैं उनका एक मंत्री जेल में मसाज करवा रहा है तो दूसरा मंत्री मसाज कराकर जेल जाने की तैयारी कर रहा है।

सीएम शिवराज ने कहा कि केजरीवाल को 'धोखा रत्न' और मनीष सिसोदिया को 'शराब रत्न' दिया जाना चाहिए, क्योंकि दिल्ली में आपको कुछ मिले या न मिले, लेकिन शराब जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन को स्कैम एंड मसाज रत्न और अमानतुल्लाह खान को भ्रष्टाचार रत्न मिलना चाहिए, तो वहीं विधायक ताहिर हुसैन को दंगा रत्न मिलना चाहिए। 

सीएम शिवराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों की तारीफ की। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक भव्य, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। 2014 से पहले पिद्दी-पिद्दी से देश हमें डराने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। उन्होंने कोरोना काल की परिस्थितियों को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड काल में मोर्चा संभाला और कोविड रोधी टीके से लेकर इलाज और राशन तक की व्यवस्था की। आज भारत तीव्र गति से विकास कर रहा है।