आज यानी 1 दिसंबर से देशभर में कई बदलाव हुए हैं। हीरो की गाड़ियां खरीदने के लिए अब ज्यादा पैसे देने होंगे। हीरो मोटोकॉर्प ने वाहनों की कीमत 1500 तक बढ़ा दी है। इसके अलावा पीएनबी ने एटीएम से निकासी के नियमों में बदलाव किया है। हम आपको आज से होने वाले बदलावों के बारे में बता रहे हैं, जो आपको भी प्रभावित करेंगे।

1. हीरो की गाड़ियाँ महंगी 

आज से हीरो मोटोकॉर्प की गाड़ी खरीदना महंगा हो गया है। कंपनी ने 1 दिसंबर से दोपहिया वाहनों की कीमतों में 1,500 रुपये की बढ़ोतरी की है। इससे हीरो डीलक्स, स्प्लेंडर और पैशन सहित अन्य वाहन महंगे हो गए हैं। सभी वाहनों की क़ीमतों में अलग-अलग वृद्धि की गई है।
इससे पहले हीरो मोटोकॉर्प ने इस साल सितंबर महीने में भी वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब तक, कंपनी ने सभी दोपहिया मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 1000 रुपए से लेकर 3000 तक बढ़ाई गई है।

2. पीएनबी एटीएम से निकासी के बदले नियम

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने एटीएम से रुपए निकालने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। जिसके बाद मशीन में कार्ड डालने के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड यानि कि OTP आएगा।  जिसे आपको एटीएम की स्क्रीन पर एंटर करना होगा। उसके बाद ही पैसा निकलेगा।

3. राष्ट्रपति भवन सप्ताह में 5 दिन खुलेगा

अब राष्ट्रपति भवन सप्ताह में 5 दिन आम जनता के लिए खुला रहेगा। बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को आम जनता राष्ट्रपति भवन का दौरा कर सकती है। राष्ट्रपति भवन में लोगों के आने-जाने के लिए समय भी निर्धारित किया गया है। यह समय सुबह 10 से 11, सुबह 11 से 12, दोपहर 12 से 1 और दोपहर 2 से 3 बजे तक रहेगा। राष्ट्रपति भवन के अलावा राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर भी 6 दिनों (मंगलवार से रविवार) तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। लोग प्रत्येक शनिवार को सुबह 8 बजे से 9 बजे तक राष्ट्रपति भवन में चेंज ऑफ गार्ड समारोह भी देख सकेंगे।

4. 1 से ज्यादा ट्रांजैक्शन पर चार्ज 

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने आधार सक्षम भुगतान प्रणाली लेनदेन शुल्क में संशोधन किया है। इसके तहत ग्राहकों को 1 से ज्यादा ट्रांजैक्शन करने पर चार्ज देना होगा। इसमें आधार के जरिए डाकघर से निकासी, जमा या मिनी स्टेटमेंट लेना शामिल है।