एशिया के सबसे अमीर कारोबारी व देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस के मालिक मुकेश अंबानी को हफ्तेभर में ही तीसरी बार जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार धमकी देने वाले ने अंबानी से 400 करोड़ रुपये की रकम मांगी है। पहली बार उसने 20 करोड़ की मांग की थी। उसने यह भी कहा है कि आप कितने भी सुरक्षाकवच में रहें लेकिन हमारा स्नाइपर ही काफी है।
बताया जाता है कि अंबनी को अब जो मेल आया उसमें भी धमकी देते हुए चार सौ करोड़ की मांग की गई है। इससे पहले लगातार दो बार रिलायंस चेयरमैन को इसी तरह की धमकी मिली थी, हालांकि, तब कम रकम मांगी गई थी। पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई , इसका एक सिरे बेल्जियम से जुड़ रहा है। पहले मेल के जरिए फिरौती 27 अक्टूबर को मांगी गई थी और डिमांड 20 करोड़ रुपये की गई थी, जबकि दूसरी बार फिरौती के लिए मेल 28 अक्टूबर को आया था, जिसमें फिरौती की रकम को बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये कर दिया गया था।
अब तक की तफ्तीश में पता चला है कि जिस मेल आईडी के जरिए मुकेश अंबानी को धमकी दी जा रही है, वह किसी शादाब खान नाम के व्यक्ति की है और यह मेल बेल्जियम से आए हैं। पुलिस जांच कर रही है कि क्या यह व्यक्ति का सही आईडी है या फेक आईडी से यह मेल भेजे गए हैं। इसके साथ ही पुलिस बेल्जियम की मेल प्रोवाइडर कंपनी से भी संपर्क कर रही है।
हमारा एक स्नाइपर ही काफी-अंबानी को भेजे तीसरे मेल में न केवल फिरौती की रकम कई गुना बढ़ाई गई है, बल्कि मेल में धमकी का अंदाज भी सख्त है। इसमें लिखा गया है कि तुमने हमारी बात नही मानी अब रकम 400 करोड़ हो गयी, तुम्हारी सुरक्षा कितनी भी कड़ी क्यों ना हो हमारा एक स्नाइपर काफी है।