रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमेन मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी मिली है। 27 अक्टूबर को मुकेश को एक ईमेल में जान से मारने की धमकी दी गई, जिसमें 20 करोड़ रुपये न देने पर गोली मारने की धमकी दी गई।
मामला सामने आने के बाद मुंबई के गांवदेवी पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 387 और 506 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।
आपको बता दें, कि पिछले साल भी मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी मिली थी। एक शख्स ने दक्षिण मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में फोन किया और कहा कि वह अस्पताल को उड़ा देगा और मुकेश, नीता अंबानी और उनके दो बेटों को भी मार देगा। इसके साथ ही आरोपी ने अंबानी के घर एंटीलिटा को बम से उड़ाने की भी धमकी दी थी।
वहीं 2021 में भी मुकेश अंबानी के घर के पास विस्फोटकों से भरी कार मिली थी, जिसके बाद सनसनी फैल गई थी। अंबानी के घर एंटीलिया के पास कार मिलने के बाद उनकी जान को खतरा बताया जा रहा था। पुलिस को कार से 20 जिलेटिन की छड़ें और एक पत्र मिला था, जिसमें अंबानी परिवार को धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस की जांच के बाद कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था।