उत्तराखंड की सिल्क्यारा-डंडालगांव टनल में 12 नवंबर से फंसे 41 मजदूरों के लिए मंगलवार निर्णायक हो सकता है। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बचाव अभियान पर बड़ा अपडेट दिया है। सीएम धामी ने बताया कि मंगलवार सुबह तक 52 मीटर तक खुदाई हो चुकी है। अब मजदूरों से 7 से 8 मीटर दूरी रह गई है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि लगभग 52 मीटर (मैन्युअल और बरमा मशीन ड्रिलिंग एक साथ) की गई है। उम्मीद है कि 57 मीटर के आसपास सफलता मिलेगी। एक मीटर पाइप मेरे सामने धकेल दिया गया था, यदि 2 मीटर और चला गया तो ये लगभग 54 मीटर हो जाएगा। उसके बाद, एक और पाइप का उपयोग किया जाएगा।  पहले स्टील गार्डर मिल रहे थे, यह कंक्रीट मिल रहा है, इसे कटर से काटा जा रहा है।

टनल में एक साथ वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल ड्रिलिंग की जा रही है। मैन्युअल खुदाई वालों ने रात भर में चार से पाँच मीटर की खुदाई कर दी और मशीन ने पाइप पुश कर दिया। अब  मज़दूरों से फासला छह से सात मीटर रह गया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब तक अच्छे परिणाम मिले हैं। सब ठीक रहा तो अगले 24 घंटे में अच्छी खबर मिल सकती है।

शुक्रवार यानी 24 नवंबर को मजदूरों की लोकेशन से महज 12 मीटर पहले मशीन की ब्लेड्स टूट गई थीं। इस वजह से रेस्क्यू रोकना पड़ा। बता दें 12 नवंबर को निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढह गया था। इसके चलते सुरंग में काम कर रहे 41 मजदूर अंदर फंस गए थे।