संसद की सुरक्षा में चूक को लेकर संसद में चल रहे हंगामे के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी ने संसद की सुरक्षा में चूक का कारण बेरोजगारी और महंगाई को बताया है। साथ ही इस हालात के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार बताया है।
राहुल गांधी ने शनिवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि संसद पर हमला सुरक्षा में बड़ी चूक जरूर है, लेकिन ऐसा क्यों हुआ? इस घटना के पीछे बेरोजगारी और महंगाई है, जिसके लिए मोदी सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि ऐसा क्यों हुआ? देश में मुख्य मुद्दा बेरोजगारी है। प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के कारण देश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और इस घटना का कारण बेरोजगारी और महंगाई है।
इससे पहले कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी सुरक्षा में चूक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार बताया था। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विपक्ष से कह रहे थे कि विधानसभा चुनाव में हार का गुस्सा संसद सत्र के दौरान बाहर न आने दें। अब, लोग खुद अपनी पीड़ा व्यक्त करने के लिए सदन में आ रहे हैं।