संसद की सुरक्षा में चूक को लेकर विपक्ष के हंगामे के बीच टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया। राज्यसभा में  नारेबाजी करते डेरेक ओ'ब्रायन वेल में आ गए थे। इसके बाद स्पीकर जगदीप धनखड़ ने डेरेक ओ ब्रायन को बचे हुए सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया।

वहीं विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित हो गई है। राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित होने से पहले राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि संसद की सुरक्षा में चूक की उच्च स्तरीय जांच चल रही है और एफआईआर दर्ज कर जांच चल रही है।

इधर संसद में सुरक्षा में चूक पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में वक्तव्य दिया। उन्होंने बताया कि कल जो घटना हुई, उसकी सबने निंदा की है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। लोकसभा अध्यक्ष ने घटना के जांच के आदेश दिए हैं। हम सभी सांसदों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

विपक्ष के हंगामे को लेकर राजनाथ सिंह ने कहा कि संसद में अराजक स्थिति पैदा करना उचित नहीं है। वहीं संसद की सुरक्षा चूक मामले में लोकसभा सचिवालय ने सख्त एक्शन लिया है। लोकसभा सचिवालय ने गुरुवार को 8 सुरक्षाकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इन सभी सुरक्षा कर्मियों को लापरवाही बरतने के लिए सस्पेंड किया गया।