संसद की सुरक्षा में चूक को लेकर गृह मंत्री के बयान की मांग और सांसदों के निलंबन का विरोध कर रहे विपक्ष के 50 और सांसद मंगलवार को निलंबित कर दिए गए। इस तरह अब तक 142 सांसद निलंबित किए जा चुके हैं। निलंबित सांसद संसद परिसर में ही धरना दे रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर जगदीप धनखड़ का मजाक उड़ाया। कल्याण बनर्जी धनखड़ की मिमिक्री करते नज़र आए। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी वहां खड़े होकर हंसते रहे और वीडियो बनाते रहे। कल्याण बनर्जी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसे लेकर लोगों में काफी आक्रोश है।
बीजेपी नेता संबित पात्रा ने भी ये वीडियो अपने X हैंडल पर पोस्ट करते हुए नाराज़गी ज़ाहिर की है। साथ ही लिखा है, देश याद रखेगा… जब देश के उपराष्ट्रपति और संवैधानिक संस्था का माखौल बनाया जा रहा था, तो शहज़ादा खड़ा होकर वीडियो बना रहा था। भारत तोड़ने वालों का साथ लेकर भारत जोड़ने का स्वांग रचने वालों का मुख्य एजेंडा, जोड़ना नहीं तोड़ना ही है। घमंडियों के घमंड का अंत 2024 में देश की जनता अवश्य करेगी।
इस बेहूदा मजाक की उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी निंदा की है। उन्होंने पूरी घटना पर नाराजगी जताई है। धनखड़ ने कहा कि राज्यसभा और स्पीकर का कार्यालय बहुत अलग हैं। राजनीतिक दलों की अपनी धाराएँ होंगी, उनके बीच साझाकरण होगा, लेकिन कल्पना करें कि आपकी पार्टी का एक वरिष्ठ नेता किसी अन्य पार्टी के किसी अन्य सदस्य का वीडियो बना रहा है। सभापति की नकल की गई...अध्यक्ष का मजाक उड़ाया गया। यह हास्यास्पद, शर्मनाक और अस्वीकार्य है।
दरअसल, लोकसभा और राज्यसभा के निलंबित सांसद संसद के मकर गेट की सीढ़ियों पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी अध्यक्ष जगदीप धनखड़ का मजाक उड़ा रहे थे। वीडियो में यह दिख रहा है कि राहुल गांधी वहां खड़े होकर मुस्कुरा रहे थे और वीडियो भी बना रहे थे।