उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हुए टनल हादसे को लेकर एक राहत भरी ख़बर सामने आ रही है। सुबह-सुबह हादसे की साइट से आई एक तस्वीर को देख सभी ने राहत की सांस ली है। पहली बार सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों के विजुअल लिए गए हैं। जिसमें सभी मजदूर सुरक्षित दिखाई दे रहे हैं।
मजदूरों के ये विजुअल डॉक्टरों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एंडोस्कोपी कैमरे से लिए गए हैं। सोमवार को रेस्क्यू ऑपरेशन टीम ने सुरंग के अंदर एक छह इंच का पाइप डाला था, जिसके जरिए मजदूरों तक खाना भेजा गया था। इसी पाइप से एक एंडोस्कोपिक फ्लेक्सी कैमरा भी भेजा गया था जिसमें सारे मजदूर दिखाई दे रहे हैं।
टनल सी सामीं आये वीडियो में सारे मजदूर एकसाथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। मजदूरों से बातचीत की गई। उनकी गिनती भी की गई। फिलहाल, सभी मजदूर सुरक्षित हैं। इसी 6 इंच वाली पाइप से मजदूरों के लिए सोमवार रात को 24 बोतल में खिचड़ी और दाल भेजी गई। 9 दिन बाद पहली बार मजदूरों को गर्म खाना भेजा गया।
गौरतलब है कि सिलक्यारा टनल में हादसा 12 नवंबर को हुआ था। टनल में एंट्री पॉइंट से 200 मीटर अंदर 60 मीटर तक मिट्टी धंस गई। जिसमें 41 मजदूर अंदर फंस गए। रेस्क्यू के दौरान 16 नवंबर को टनल से और पत्थर गिरे जिसकी वजह से मलबा कुल 70 मीटर तक फैला गया। टनल के अंदर फंसे मजदूर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के हैं।