हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद की आज ब्रजमंडल यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट है। हालांकि जलाभिषेक यात्रा की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी है। वहीं सर्व जातीय हिंदू महापंचायत ब्रजमंडल यात्रा निकालने की बात पर अड़ा है।
पुलिस के मुताबिक नूंह में हिंदू संगठनों की ब्रजमंडल यात्रा को लेकर सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए हुए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा नूंह को जाने वाले सभी रास्तों पर नाकबंदी की हुई है। इंटरनेट सेवा भी बंद की हुई है।
सोमवार सुबह प्रशासन ने नलहरेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए 10-15 साधु संतों को जाने की अनुमति दी। इनके अलावा हिंदू संगठन के भी 13 लोगों को परमिशन मिली। पुलिस नूंह बाइपास से पुलिस 3 गाड़ियों से लोगों को नलहरेश्वर मंदिर के लिए लेकर निकली। इनमें करीब 51 लोग थे।
नूंह में दोबारा से ब्रजमंडल यात्रा निकालने की अनुमति न मिलने के बाद हिंदू संगठनों द्वारा यात्रा निकालने के एलान के बाद हिसार जिला पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। पुलिस की दो कंपनियां मंडल स्तर पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। गुप्तचर विभाग भी पल पल की रिपोर्ट दे रहा है।