गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान सोमवार 5 दिसंबर को मतदान संपन्न हो गया है। दूसरे चरण में दोपहर तीन बजे तक करीब 51 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। जो लोग अभी भी वोटिंग लाइन में लगे हैं वे शाम 5 बजे के बाद भी वोट डाल सकेंगे। 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान हुआ है।

गुजरात चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में 14 जिलों की 93 सीटों पर मतदान हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। अहमदाबाद, वडोदरा, गांधीनगर और अन्य जिलों में फैली इन विधानसभा सीटों पर 61 राजनीतिक दलों के कुल 833 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले एक दिसंबर को पहले चरण में 89 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें करीब 63 फीसदी मतदान हुआ था। हिमाचल के साथ गुजरात चुनाव के नतीजे भी 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

गुजरात में पहले चरण में दक्षिण गुजरात, कच्छ और सौराष्ट्र में मतदान हुआ। पहले चरण में 788 उम्मीदवार मैदान में थे। पहले चरण में सबसे ज्यादा 82.71 फीसदी मतदान नर्मदा जिले के देदियापाड़ा में हुआ था। इसके बाद वलसाड जिले के कपराडा में 79.57 फीसदी मतदान हुआ। कच्छ जिले की गांधीधाम सीट पर सबसे कम 47.86% मतदान हुआ। नर्मदा जिले में सर्वाधिक 78.24% मतदान हुआ। बोटाद जिले में सबसे कम 57.58% मतदान हुआ।

राज्य में 27 साल से सत्ता में काबिज बीजेपी की नजर लगातार सातवें कार्यकाल पर है। इस चुनाव में कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी (AAP) भी बीजेपी को चुनौती दे रही है। गुजरात चुनाव प्रचार में BJP की ओर से PM मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी के सीएम योगी समेत कई नेता रैलियां कर चुके हैं।

कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत समेत कई नेता प्रचार की कमान संभाल रहे थे। वहीं आम आदमी पार्टी के लिए पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने चुनाव की कमान संभाली थी।