पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के तहत मंगलवार को छत्तीसगढ़ में पहले चरण की 20 सीटों पर वो​टिंग जारी है। वहीं मिजोरम में एक चरण में आज ही मतदान हो रहा है। छत्तीसगढ़ में सुबह 9 बजे तक 10 फीसदी और मिजोरम  में 15 फीसदी मतदान हुआ है।

छत्तीसगढ़  10 सीटों पर सुबह 7 से 3 और अन्य 10 सीटों पर पर सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होना है। सुबह 9 बजे तक सबसे ज्यादा वोटिंग कांकेर जिले में 16.48% हुई है। इसमें तीन सीटें आती हैं। जबकि सबसे कम मतदान सुकमा में सिर्फ 4.21 प्रतिशत हुआ है।

मतदान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छत्तीसगढ़ के लोगों से अपील की. उन्होंने लिखा  छत्तीसगढ़ में आज लोकतंत्र के पावन उत्सव का दिन है। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना वोट जरूर डालें और इस उत्सव के भागीदार बनें। इस अवसर पर पहली बार वोट डालने वाले राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई।

वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा कि कांग्रेस अपने घोषणा पत्र के आधार पर चुनाव मैदान में है। पांच साल विकास के काम हुए हैं। जनता ने देखा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ज्यादा वोटिंग होगी क्योंकि हमने काम किया है।