उत्तरकाशी टनल हादसे में फंसे 41 मजदूरों को निकालने का काम अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। ऐसे में चारों ओर खुशी का माहौल है। श्रमिकों के निकलने पर अब वहां माला भी लाई गई है।

उत्तरकाशी सुरंग त्रासदी के 17वें दिन बड़ी सफलता मिली है। आखिरकार सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एक एस्केप टनल का निर्माण किया गया है।

ताजा जानकारी के मुताबिक कुछ ही घंटों में सभी मजदूरों को टनल से बाहर निकाल लिया जाएगा। इस बीच उत्तराखंड टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की ताजा तस्वीरें सामने आई हैं।

बचाव अभियान के आखिरी दौर की एक तस्वीर साझा की गई हैं। सिल्क्यारा सुरंग से श्रमिकों को निकालने के बाद उन्हें एयरलिफ्ट करने के लिए चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर एक चिनूक हेलीकॉप्टर भी तैनात किया गया है।

इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सुरंग के अंदर पाइप बिछाने का काम पूरा हो चुका है और सभी श्रमिकों को जल्द ही बचा लिया जाएगा।