Namo Navmatdata Sammelan Live: भारतीय जनता पार्टी (BJP) आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर नए युवा वोटर्स को साधने पर ज़ोर आजमाती नज़र आई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नमो नवमतदाता सम्मेलन' के तहत गुरुवार यानी 25 जनवरी को 5,000 जगहों पर पहली बार मतदान करने वाले युवा वोटर्स से वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के ज़रिये सीधा संवाद साधा.

दुनिया की सबसे बड़ी डेमोक्रेसी में बने भागीदारी-

इस दौरान पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि मेरे जीवन में इतने सारे युवाओं के साथ संवाद करने का ये पहला अवसर है और शायद दुनिया के किसी भी राजनेता के लिए भी ये पहला अवसर होगा. मैं सभी नवमतदाताओं को नमन करता हूं. 18 से 25 वर्ष की उम्र ऐसी होती है जब किसी का भी जीवन बहुत से बदलावों का साक्षी बनता है. इन्हीं बदलावों के बीच आप सभी को एक और जिम्मेदारी साथ-साथ निभानी है. ये जिम्मेदारी दुनिया की सबसे बड़ी डेमोक्रेसी में भागीदारी की है.

उन्होंने आगे कहा कि यह नवमतदाता को नमन करने का कार्यक्रम है. आज राष्ट्रिय मतदाता दिवस है. आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. आप सभी को एक जिम्मेदारी साथ-साथ निभानी है. मैं जनता हूं आपकी उम्र में किसी भी नई शुरुआत के लिए एक्साइटमेंट होती है. वोटर लिस्ट में नाम रजिस्टर होते ही लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाते हैं.

पीएम मोदी ने बताई एक वोट की ताकत-

पीएम मोदी बोले, कल देश अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा. इसमें आप सबकी जिम्मेदारी सबसे बड़ी होगी. जिस तरह 1947 से पहले भारत के नौजवानों पर देश को आजाद करने का दारोमदार था वैसे ही आप पर विकसित भारत के निर्माण की जिम्मेदारी है. याद रखिएगा आपका एक वोट भारत के विकास की दिशा तय करेगा. आपका एक वोट ही भारत में एक स्थिर सरकार बनाएगा. आपका एक वोट ही अपने दम पर भारत को अंतरिक्ष में पहुंचा सकता है.

उन्होंने आगे बताया कि स्थिर सरकार होती है तो देश बड़े फैसले लेता है, दशकों से लटकी हुई समस्याओं को सुलझाकर आगे बढ़ता है. हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाकर दशकों का इंतजार खत्म किया. हमारी सरकार ने सेना के जवानों के लिए वन रैंक, वन पेंशन लागू कर देश के पूर्व फौजियों का चार दशक का इंतजार समाप्त किया. हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार है जिसने नारी शक्ति वंदन अधिनियम बनाकर देश की महिलाओं का वर्षों पुराना इंतजार खत्म किया.

बता दें कि ये हमारी ही सरकार है जिसने तीन तलाक कानून बनाकर मुस्लिम बहन-बेटियों में इंसाफ की उम्मीद बढ़ाई. ये हमारी सरकार है जिसने तीन दशकों के इंतजार के बाद नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की. ये हमारी सरकार है जिसने एससी, एसटी, ओबीसी का हित सुरक्षित रखते हुए भी गरीब युवाओं के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया. ये हमारी सरकार है जिसको अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का साक्षी होने का अवसर मिला.

देंखें लाइव:

 

क्यों मनाया जाता है मतदाता दिवस?

हर साल 25 जनवरी को भारत में निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस पर 'मतदाता दिवस' मनाया जाता है. जिसका उद्देश्य चुनावी अभियान के बारे में नागरिकों को जागरूक करना और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है. पहले इस दिन को सिर्फ याद किया जाता था, लेकिन साल 2011 से इसे एक दिवस उत्सव के तौर पर मनाया जाने लगा. पहली बार तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने साल 2011 में 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया था. इसके बाद से ही पूरे देश में हर साल इसी दिन राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है.