देश में आज से नौतपा की शुरूआत भी हो गई है। ये दो जून तक चलेगा।  इसका मतलब है कि अगले 9 दिन और ज्यादा गर्मी रहेगी। हीटवेव और तापमान भी बढ़ेगा। तापमान 45 डिग्री  से ज्यादा बना रह सकता है। रविवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 47.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा है।

मौसम केंद्र भोपाल की माने तो 25 से 28 मई तक पूरा प्रदेश हीटवेव की चपेट में रहेगा। यानी, नौतपा के शुरूआत 4 दिन भीषण गर्मी और लू चलेगी। पहले दिन सोमवार को 44 जिलों में हीटवेव की चेतावनी है। इनमें से 5 जिले- निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट है। नौगांव की शुरूआत में ही भोपाल, ग्वालियर-उज्जैन में भीषण गर्मी का दौर देखने को मिलेगा। यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

वहीं नौतपा से पहले भी मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का असर देखा गया। रविवार को खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म बने रहे। मौसम विभाग के अनुसार, नौगांव-खजुराहो में तापमान सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दतिया में 45 डिग्री, टीकमगढ़-शाजापुर में 44 डिग्री, दमोह, सागर-सतना में 44.2 डिग्री, गुना, मुरैना, राजगढ़-श्योपुर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, 5 बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में सबसे ज्यादा 44.1 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल में 42.7 डिग्री, इंदौर में 40.9 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और जबलपुर में पारा 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा।