महाराष्ट्र के अमरावती से सांसद नवनीत राणा एक बार फिर चर्चा में हैं। नवनीत राणा ने लव जिहाद से जुड़े एक मामले में अपना फोन रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर राजापेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। हालांकि इसी दौरान थाने में उनकी थानेदार से नोकझोंक भी हुई।


रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुस्लिम समुदाय के लड़के के द्वारा हिंदू लड़की के अपहरण और विवाह विवाद को लेकर नवनीत राणा बुधवार को थाने में आक्रामक हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि एक युवक द्वारा हिंदू लड़की से जबरन शादी करने के मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उनके सवालों का जवाब देने की बजाय उनका फोन रिकॉर्ड किया गया, जिससे वह नाराज हो गई। इस बात को लेकर नवनीत राणा की पुलिस अधिकारी से जमकर नोकझोंक भी हुई।

बता दें कि नवनीत राणा बीते दिनों हनुमान चालीसा का पाठ करने को लेकर चर्चा में रहीं थी। उन्होंने इस मुद्दे पर उद्धव सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को मुंबई पुलिस ने हनुमान चालीसा विवाद में गिरफ्तार भी किया था। लेकिन पुलिस ने बाद में उन्हें रिहा कर दिया था। इसके बाद से ही नवनीत राणा लगातार सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी रहती है।