भारतीय टीम की न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत बेहद खराब रही। रांची में खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम को 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। आपको बता दें कि इस मैच में एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम इस मैच को आसानी से जीत लेगी, लेकिन एक बड़ी गलती की वजह से बाजी पलट गई और टीम को हार का मुंह देखना पड़ा।
टीम की इस हार के लिए अर्शदीप सिंह को जिम्मेदार माना जा रहा है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इस मैच में काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 51 रन दिए। साथ ही आखिरी ओवर में नो बॉल फेंकी, वहीं बल्लेबाजी में भी अर्शदीप ने मैडेन ओवर खेला जिसकी वजह से पूरा गेम ही पलट गया।
इस हार के बाद तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को बड़ा विलेन बताया जा रहा है। इतना ही नहीं सोशल मीडिया भी अर्शदीप को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। ये पहली बार है जब अर्शदीप गेंदबाज़ी करते हुए इतने महंगे साबित हुए हैं। इसके बाद वे बल्लेबाजी में भी कोई ख़ास कमाल नहीं कर पाए, जिसकी वजह से आसानी जीते जाने वाले मैच में भी टीम इंडिया को मुंह की खानी पड़ी।
दरअसल, मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने 177 रन का टारगेट दिया था। जवाब में भारतीय टीम ने 17 ओवर में 7 विकेट खोकर 127 रन बना लिए। यहां से भारतीय टीम को जीत के लिए 18 गेंदों में 50 रनों की दरकार थी। उस वक्त वाशिंगटन 18 गेंदों में 29 के स्कोर पर खेल रहे थे। उनके साथ कुलदीप यादव भी थे, जो 18वें ओवर से पहले आउट हो गए।
इसके बाद अर्शदीप सिंह क्रीज पर आए। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन ओवर कर रहे थे। इधर, अगर अर्शदीप ने एक रन लेकर वाशिंगटन सुंदर को स्ट्राइक दी होती तो टीम इंडिया मैच में बनी रह सकती थी। लेकिन अर्शदीप लॉकी फर्ग्यूसन के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। ओवर की सभी 5 गेंदों में भारतीय गेंदबाज ने एक भी रन नहीं बनाया और ओवर मेडेन हो गया और यही मैच का टर्निंग प्वॉइंट रहा।
यहां से भारतीय टीम को 12 गेंदों में 50 रनों की दरकार थी, जिसके बाद सुंदर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए इस गेंद पर 29 रन बनाए। बावजूद इसके टीम इंडिया को 21 रनों से हार मिली। अगर उस ओवर में सुंदर को स्ट्राइक मिली होती तो शायद नतीजा कुछ और होता।
इससे पहले अर्शदीप गेंदबाज़ी में भी महंगे साबित हुए। पारी के आखरी ओवर में अर्शदीप ने शुरुआत नो बॉल से की। पहली ही गेंद पर नो बॉल फेंकी गई, जिस पर डेरेल मिचेल ने छक्का लगाया. इसके बाद अर्शदीप ने इस ओवर में कुल 27 रन लुटाए। मिचेल ने अर्शदीप के ओवर में कुल तीन छक्के और एक चौका लगाया। अर्शदीप इस नो बॉल और महंगे ओवर की वजह से ट्रोल हो रहे हैं।